Bhiwadi News: भिवाड़ी में मंगलवार दोपहर हीरो कंपनी की टीम ने दिल्ली हाईकोर्ट से मिले सर्च वारंट के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। भिवाड़ी पुलिस के साथ मिलकर दो फैक्टरियों पर छापेमारी की गई जहां नकली लुब्रिकेंट बनाकर उन पर हीरो कंपनी के स्टीकर लगाकर बेचा जा रहा था। यह फैक्ट्रियां सांथलका क्षेत्र में स्थित तनु इंडस्ट्रीज और नंदिनी इंडस्ट्रीज हैं जहां से बड़ी मात्रा में नकली सामग्री बरामद हुई है।
हीरो कंपनी के लीगल एडवाइजर एडवोकेट कपिल कुमार गिरि ने बताया कि नंदिनी इंडस्ट्रीज से हीरो कंपनी के लोगो वाले लुब्रिकेंट डिब्बे और स्टिकर मिले हैं। वहीं तनु इंडस्ट्रीज में नकली लुब्रिकेंट की पैकिंग का पूरा सेटअप मिला है जिसमें खाली डिब्बे बाल्टियां बड़ी संख्या में स्टीकर और पहले से पैक की गई नकली सामग्री शामिल है। टीम के अनुसार दोनों फैक्ट्रियों में लंबे समय से यह अवैध काम चल रहा था।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले दिल्ली हाईकोर्ट में ट्रेडमार्क उल्लंघन और नकली उत्पाद बेचने की शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने छापेमारी का आदेश जारी किया। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हीरो कंपनी की छह सदस्यीय टीम भिवाड़ी पहुंची। पहले उन्होंने यूआईटी थाने से पुलिस बल लेने का प्रयास किया। बाद में एसपी ऑफिस से अनुमति मिलने के बाद दोपहर करीब 2 बजे पुलिस बल के साथ दोनों फैक्ट्रियों पर एक साथ छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान दोनों फैक्ट्रियों के मालिकों को मौके पर बुलाया गया और पूछताछ की गई। जांच में नकली सामग्री की पुष्टि होते ही उसे जब्त कर सील कर दिया गया। टीम ने पूरे स्थल की दस्तावेजीकरण और फोटोग्राफी भी करवाई ताकि हाईकोर्ट में पुख्ता रिपोर्ट पेश की जा सके। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम शाम करीब 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
अब जब्त की गई सामग्री फैक्ट्री से मिले नमूनों और पूरी रिपोर्ट के साथ हाईकोर्ट में एक विस्तृत अर्जी दाखिल की जाएगी। इसके बाद कोर्ट आगे की कानूनी कार्रवाई करेगा जिसमें भारी जुर्माना लगाया जा सकता है और फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज हो सकता है। यह मामला उन कंपनियों के लिए बड़ा संदेश है जो नकली ब्रांडेड उत्पाद बनाकर ग्राहकों को धोखा देती हैं।

















