Haryana News: गुरुग्राम की सड़कों पर अब आपको एयरपोर्ट जैसी व्यवस्था देखने को मिलेगी। ट्रैफिक पुलिस ने इफको चौक मेट्रो स्टेशन से एक नई पहल की शुरुआत की है। इसके तहत ऑटो और टैक्सी के लिए अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। जैसे एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अनुसार गेट और बोर्डिंग होती है, वैसे ही यहां नंबर के अनुसार ऑटो और टैक्सी सवारियां बिठाएंगे।
सफल प्रयोग के बाद पूरे शहर में लागू होगी व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी ने बताया कि अगर यह व्यवस्था इफको चौक मेट्रो स्टेशन पर सफल रहती है तो इसे गुरुग्राम के अन्य मेट्रो स्टेशनों पर भी लागू किया जाएगा। नई प्रणाली के अनुसार एक समय में लगभग 15 से 20 ऑटो और टैक्सी ही मेट्रो स्टेशन के बाहर खड़े रह सकेंगे। बाकी वाहन पास की निर्धारित पार्किंग में अपनी बारी का इंतजार करेंगे। जब किसी वाहन का नंबर आएगा तो उसे आगे आने और सवारियां बिठाने की अनुमति दी जाएगी।
ट्रैफिक जाम से राहत और चालकों की मनमानी पर लगाम
ट्रैफिक इंस्पेक्टर इंदू बाला ने बताया कि इस व्यवस्था से ट्रैफिक जाम में काफी सुधार होगा और ऑटो व टैक्सी चालकों की मनमानी भी खत्म होगी। अब कोई चालक मनमर्जी से किराया नहीं वसूल सकेगा और न ही सवारियों को आपस में छीनने की स्थिति बनेगी। पुलिस की एक विशेष टीम एयरपोर्ट की तरह लगातार मॉनिटरिंग करेगी ताकि नियमों का पालन हो सके।
यात्रियों के लिए होगी सुविधा और सुरक्षा दोनों
सभी ऑटो और टैक्सी की पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जाएगी। इसमें रजिस्ट्रेशन नंबर, ड्राइवर का नाम, मोबाइल नंबर और एंट्री टाइम शामिल होगा। यह प्रक्रिया डिजिटल और फिजिकल दोनों तरीके से होगी। इससे यात्रियों को मेट्रो से उतरते ही निश्चित किराए पर सुरक्षित सवारी मिल जाएगी और इंतजार करने वाले ड्राइवरों को WhatsApp पर मैसेज भेजकर बुलाया जाएगा। यह पहल गुरुग्राम की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने जा रही है।

















