धारूहेड़ा (Best24News): धारूहेड़ा के सेक्टर-4 स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की कीमती जमीन पर नगरपालिका द्वारा किए गए अवैध कब्जे को लेकर सेक्टरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। सेक्टर-4 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रतिनिधिमंडल ने नगरपालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जमीन को तुरंत अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
चारदीवारी कर लगाया ताला, स्कूल की जगह पर डाला जा रहा कबाड़
सेक्टर-4 RWA के प्रधान राजू राव ने बताया कि HSVP द्वारा यह जमीन सेक्टर में स्कूल निर्माण के लिए आरक्षित (Allotted) की गई थी। लेकिन नगरपालिका प्रशासन ने इस जमीन के चारों तरफ चारदीवारी (Boundary Wall) करके इसके मुख्य गेट पर ताला लटका दिया है।

आरडब्ल्यूए का आरोप है कि नगरपालिका इस जमीन का इस्तेमाल अपना कबाड़ डालने के डंपिंग यार्ड के रूप में कर रही है। इससे पूर्व भी पुरानी RWA टीम द्वारा नपा सचिव को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां पर मरे हुए पशु तक डाले जा रहे है। मोबाइल टायलेट भी खडे किए है।
“पार्क या पार्किंग बने तो सेक्टरवासियों को मिले राहत”
स्थानीय निवासियों का कहना है कि HSVP की ओर से भी इस बाबत नगरपालिका को पत्राचार किया जा चुका है, परंतु नपा प्रशासन लगातार इस ओर अनदेखी कर रहा है। सेक्टरवासियों ने मांग की है कि जब तक यहां स्कूल का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक इस खाली जमीन का उपयोग पार्क या पार्किंग स्थल के रूप में किया जाए, ताकि सेक्टर के लोगों को गाड़ियों की पार्किंग और टहलने की सुविधा मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
चेयरमैन अजय जांगड़ा को ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में RWA पदाधिकारियों के साथ स्थानीय पार्षद भी शामिल रहे। इस मौके पर उप प्रधान तेजबीर, सचिव आनंद मोहन, पथराम, दलीप छाबड़ी, सूरजभान (सुराजमानी), पार्षद त्रिलोक धारीवाल और अनिल कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।













