Haryana Police: रेवाड़ी में रंगोत्सव होली के पावन त्योहार पर पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा की सराहनीय पहल ने सबका दिल जीत लिया। एसपी ने होली के दिन खुद पुलिस नाकों पर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाई और उनके साथ होली खेली, जिससे जवानों में परिवार जैसा एहसास हुआ।Haryana Police
रेवाड़ी पुलिस ने त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में 25 पुलिस नाके लगाए गए हैं। 20 स्थानीय और 5 इंटरस्टेट नाके लगाए है। जहां सख्त चेकिंग की जा रही है ताकि कोई हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग न कर सके। इसके अलावा 800 से अधिक पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं।
धूलंडी के दिन जिले के अलग-अलग गांवों में 22 मेलों का आयोजन होता है, जहां भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के लिए 350 मुलाजिम तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 42 राइडर टीमें, 25 ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन) और 8 पीसीआर वाहन फील्ड में सक्रिय रहेंगे।
इसके साथ ही एसपी हेमेंद्र मीणा ने पुलिसकर्मियों के साथ होली खेली और कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने जोर दिया कि यह पर्व खुशी और एकता के साथ मनाया जाना चाहिए, किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी की यह पहल न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने वाली है, बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश दे रही है कि पुलिस जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर त्योहार मना सकती है। रेवाड़ी में होली का उत्सव इस बार सुरक्षा, भाईचारे और खुशी के साथ मनाया जा रहा है।





















