रेवाड़ी, 18 सितंबर। जिले में एनीमिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए 17 सितंबर से 25 दिसंबर 2026 तक 100 दिवसीय एनीमिया नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान बच्चों, किशोर-किशोरियों, महिलाओं और गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। जांच में एनीमिया पाए जाने पर संबंधित लाभार्थियों को आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा।

डीसी अभिषेक मीणा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष जांच सत्र आयोजित किए जाएं। एनीमिया से प्रभावित लोगों का उपचार शुरू करने के साथ उनकी दोबारा हीमोग्लोबिन जांच और नियमित निगरानी भी की जाए। गंभीर एनीमिया के मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए भेजने के निर्देश दिए गए।
डीसी ने आमजन से अपील की कि परिवार के पात्र सदस्यों की हीमोग्लोबिन जांच जरूर करवाएं। एनीमिया की पुष्टि होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार पूरा करें। बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त स्वास्थ्य अनुदान राशि के उपयोग को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर अर्बन नोडल ऑफिसर डॉ. परवीन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मुनीष, डॉ. ज्ञानेंद्र मिश्रा और डिप्टी डीईओ अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।













