हिसार। हरियाणा में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी है। लोग रोजाना बारिश को लेकर टकटकी लगाए हुए है। कई शहरो में सुबह से ही बादल छाए रहे लेकिन बिना बारिश के ही लौट गए। इसी के साथ पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगा है। हवा का रुख बदलने और दिन में तेज धूप निकलने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
तापमान में हुई बढोंतरी: बता दे कि हरियाणा में कई शहरो मे बुधवार दिन के साथ रात के तापमान में भी वृद्धि हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
हरियाणा के 10 से अधिक प्रमुख शहरों और मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। हिसार 38.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। रोहतक में 36.4, चरखी दादरी और सिरसा में 36.0, गुरुग्राम में 35.6 तथा भिवानी में 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के मुकाबले 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। हालांकि न्यूनतम तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। नूंह और सिरसा में 26.7, कुरुक्षेत्र में 26.4, अंबाला में 26.3 तथा हिसार में 25.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी बने रहने को देखते हुए कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों और पशुपालकों के लिए मौसम एडवाइजरी जारी की है। मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के बीच किसानों को फसलों तथा पशुओं की देखभाल के लिए स्थानीय मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।












