धारूहेड़ा: ‘नशा मुक्त रेवाड़ी’ अभियान के तहत रेवाड़ी पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने मंगलवार को धारूहेड़ा के केडीएम पब्लिक स्कूल और संस्कार भारती पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहने और पढ़ाई, खेल तथा अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया गया। टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि गांव या आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

टीम ने विद्यार्थियों को ‘Say Yes to Life, No to Drugs’ अभियान से जुड़ने और नशामुक्त रेवाड़ी बनाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के नशा करने या नशा बेचने की जानकारी है तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए। नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि साइबर ठग फोन कॉल, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से OTP, पासवर्ड तथा अन्य निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। विद्यार्थियों से किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।

नशा मुक्ति टीम के एएसआई जितेन्द्र कुमार ने कहा कि किसी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी मिलने अथवा आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। उन्होंने विद्यार्थियों और आमजन से नशे की बिक्री या सेवन से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे और साइबर अपराधों से दूर रहने की शपथ ली तथा ‘नशा मुक्त रेवाड़ी’ अभियान में सहयोग करने का संकल्प लिया।












