हांसी। भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर के बेटे और धर्मसेना युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित चौधरी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मोहित चौधरी ने दावा किया कि वह खुद इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे, लेकिन अपनी पहचान सामने नहीं आने दी। वह टोपी और मास्क पहनकर प्रदर्शन में पहुंचे थे। भाजपा सांसद के बेटे के इस बयान के बाद आंदोलन को लेकर राजनीतिक चर्चा फिर तेज हो गई है।
मोहित चौधरी बुधवार को हांसी पहुंचे, जहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में अपनी मौजूदगी की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि उन्हें मालूम था कि वह भाजपा सांसद के बेटे हैं। ऐसे में यदि प्रदर्शन के दौरान उनकी तस्वीर सामने आ जाती तो आंदोलन के मुद्दों के बजाय उनकी पहचान ही मीडिया की सुर्खियां बन जाती।
पेपर लीक होना ठीक नही
मोहित चौधरी ने कहा कि यदि कोई मुद्दा देश के हित में नहीं है, खराब है या गलत है, तो सरकार और समाज को युवाओं के बीच जाकर उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने NEET परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि परीक्षा में पेपर लीक हुआ था, जो नहीं होना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस मामले में तुरंत संज्ञान लिया, परीक्षा रद्द करवाई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की। उनके मुताबिक, युवाओं की समस्याओं को सुनना और गलत चीजों के खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है
आतंकवादियों के होने का किया था दावा
बता दे कि करीब एक महीने पहले हांसी में ही हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन को लेकर बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि आंदोलन के दौरान अराजकता के साथ-साथ आतंकवादी भी दिखाई दिए थे।
अर्चना गुप्ता ने आंदोलन के दौरान एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत और एक पुलिस अधिकारी की आंख जाने का भी दावा भी किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने 24 जुलाई को महिला कॉन्स्टेबल की मौत से जुड़े दावे को गलत बताया था।
जानबूझकर छिपाई पहचान
मोहित चौधरी ने कहा कि वह जानबूझकर अपनी पहचान छिपाकर प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उनके साथ कोई कैमरा टीम भी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि वह 10 कैमरे वालों को साथ लेकर जाते और उनकी तस्वीर मीडिया में आती कि भाजपा सांसद का बेटा भी प्रदर्शन में बैठा है, तो खबर में प्रदर्शन के मुद्दे पीछे छूट जाते और यही बात प्रमुखता से दिखाई जाती।













