रेवाड़ी: डीसी ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, चाहे वह ओलंपिक, एशियन गेम्स या कॉमनवेल्थ जैसे बड़े टूर्नामेंट हो। इन उपलब्धियों की नींव स्कूली स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं से ही रखी जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए विशेष प्रयास कर रही हैं।

रेवाड़ी के हिंदू पब्लिक स्कूल में शुरू हुई तीन दिवसीय 59 वीं हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूली नेटबाॅल खेल-कूद प्रतियोगिता का डीसी अभिषेक मीणा ने शुभारंभ किया। जिसमें प्रदेशभर के लगभग 1550 खिलाड़ियों द्वारा भाग लिया गया है।

डीसी अभिषेक मीणा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हर बच्चे को कम से कम एक खेल जरूर अपनाना चाहिए, क्योंकि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि अनुशासन और टीम वर्क भी सिखाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से बेहतरीन प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाएंगी

शनिवार को ये हुई प्रतियोगिताएं
शनिवार को आयोजित हुई लड़कियों की अंडर-14 लड़कियों की नेटबाॅल प्रतियोगिताओं में गुरूग्राम व हिसार, फरीदाबाद व सोनीपत, पंचकुला व रेवाडी, कैथल व फतेहाबाद तथा जींद की भिवानी के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। अंडर-17 लड़कियों की नेटबाॅल प्रतियोगिताओं में रेवाडी व अंबाला, कैथल व सिरसा, फतेहाबाद व गुरूग्राम, करनाल व हिसार तथा यमुनानगर व पंचकुला के बीच हुई। इसके अलावा अंडर-19 लड़कियों की नैटबाॅल प्रतियोगिता में रेवाड़ी व फरीदाबाद, गुरूग्राम व करनाल, जींद व रोहतक, पानीपत व सिरसा, फतेहाबाद व भिवानी तथा सोनीपत व महेंद्रगढ़ के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकुद प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में लड़के व लड़कियों नेटबाॅल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के स्कलों के कुल 1550 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे विभिन्न जिलों के प्रतिभागी खिलाड़ियों ने आयोजन को लेकर भारी उत्साह दिखाया। खिलाड़ियों का कहना है कि प्रतियोगिता का स्तर बहुत अच्छा है और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों ने प्रशासन और खेल विभाग द्वारा की गई आवास, भोजन व खेल मैदानों की व्यवस्थाओं को भी काफी बेहतर और संतोषजनक बताया।

इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, जिला खेल अधिकारी मनोज शर्मा, उप जिला शिक्षा अधिकारी संतोष तंवर, राजेंद्र यादव, अरविंद यादव, सभी खंडो के बीईओ, एईओ भूपेंद्र सिंह, एईईओ सुनील कुमार, विद्यालय प्राचार्या अनुराधा, मंच संचालय सत्यवीर नाहड़िया, कोच चरण सिंह, सरोज, डीपीई सतपाल, संजय, प्रदीप, शिवानी, सतीश आदि मौजूद रहे।












