धारूहेड़ा: हरियाणा भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेश चौहान के धारूहेड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने जोरदार नागरिक अभिनंदन किया। जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उनका जुलूस के रूप में स्वागत करते हुए फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और भारत माता के जयकारों से पूरा माहौल भाजपामय नजर आया।

महेश चौहान के स्वागत के लिए रेवाड़ी जिले के विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता धारूहेड़ा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा संगठन को गांव-गांव तक और अधिक मजबूत करने का काम करेगा।
इस अवसर पर महेश चौहान ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। किसानों और ग्रामीणों से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाया जाएगा तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है। किसान मोर्चा को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए किसानों के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं ने महेश चौहान को फूल-मालाओं से लादकर उनका स्वागत किया और प्रदेश अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं।
नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में रेवाड़ी भाजपा जिला प्रभारी, मदन लाल गोयल, महेंद्रगढ़ भाजपा जिला प्रभारी वरुण श्योराण, पीपीपी प्रदेश कॉर्डिनेटर डॉ सतीश खोला, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र यादव, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अतर सिंह संधू, राष्ट्रीय किसान मोर्चा कोषाध्यक्ष रामपाल यादव, रेवाड़ी जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष अशोक कोसलिया, वरिष्ठ नेता अमित यादव, भाजपा धारूहेड़ा मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह कोसलिया, जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भाजपा पदाधिकारी, किसान मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।











