धारूहेड़ा: सामुदायिक भवन सेक्टर 6 में श्री भागवत सेवा समिति के द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण के दूसरे दिन सोमवार को भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं सभी देवताओं का पूजन किया गया।
श्री धाम वृंदावन से पधारे कथा वाचक बाल कृष्ण महाराज ने श्रद्धालुओं को शिव पुराण कथा की महिमा सुनाते हुए कहा कि भगवान शिव ही अंतिम साध्य हैं और उन्हें प्रसन्न करना अत्यंत सरल है। महाराज ने शिव-भक्ति के तीन मुख्य सूत्र बताते हुए कहा कि निष्काम भाव से भगवान की कथा और महिमा का सुनना, उनके पवित्र नाम और मंत्रों का संकीर्तन करना। निरंतर मन में शिव तत्व का चिंतन व ध्यान करना।
उन्होंने कहा कि जो भी भक्त सच्चे हृदय से इन तीन साधनों को अपने जीवन में अपनाता है, उस पर देवाधिदेव महादेव की कृपा सदैव बनी रहती है और उसे सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है। समिति के संयोजक डीके शर्मा ने बताया कथा रोजाना 3 से 7 बजे तक होगी। 16 अगस्त को समापन दिवस पर पूर्णाहुति के हवन व भंडारे का आयोजन किया जाएगा।














