धारूहेड़ा: हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (HIPA – Haryana Institute of Public Administration), गुड़गांव में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में धारूहेड़ा नगरपालिका के चेयरमैन व पार्षदों को 6 अगस्त से शुरू होकर 7 अगस्त तक चले प्रशासनिक कार्यप्रणाली व जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया गया।
त्वरित समाधान के सिखाए गुर
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और जवाबदेही के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
नगर निकायों के बजट, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और शहरी विकास से जुड़े नियमों पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकारी योजनाओं को डिजिटल माध्यम से जनता तक पारदर्शी तरीके से पहुँचाने और जन समस्याओं के त्वरित समाधान के गुर सिखाए गए। इतना ही नहीं जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
चेयरमैन और पार्षदों को बांटे गए प्रमाण-पत्र (Certificates)
प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी चेयरमैन और पार्षदों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण-पत्र (Certificates) प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण में आए पार्षदों ने कहा कि समय समय इस तरह के प्रशिक्षण आयोजित होने चाहिए। इस मौके पर चेयरमैन अजय जांगडा, पार्षद कविता बुधवार, डीके शर्मा, त्रिलोक धारीवाल, निहाल रंगा, गोपाल, कृष्णा, मोनिका, अमन , रंजन यादव, अमित, रीना, धर्मबीर, प्रिया, किरण, मनीषा, मंशा सैनी व सुमित्रा मुकदम मौजूद रहे।














