रेवाड़ी: भारतीय जनता पार्टी मजदूर प्रकोष्ठ की प्रदेश मीडिया प्रमुख दिव्या सैनी ने प्रदेशवासियों से 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले “हर घर तिरंगा अभियान” में पूरे उत्साह, गर्व और समर्पण के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक है।
दिव्या सैनी ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान” प्रत्येक भारतीय को अपने राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्य और समर्पण का भाव व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जब देश के गांव-गांव, शहर-शहर और घर-घर तिरंगा लहराएगा, तब पूरे राष्ट्र में देशभक्ति का नया उत्साह और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि आज का भारत विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। तिरंगा फहराना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरव, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और वीर सैनिकों के बलिदान के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।
दिव्या सैनी ने प्रदेश के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं, मातृशक्ति, सामाजिक संगठनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं तथा अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रव्यापी अभियान से जोड़कर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।













