Haryana News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है। बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा के अनुसार 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी 2026 से शुरू होंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी 2026 से आरंभ होंगी। प्रदेशभर में कुल 1421 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 5 लाख 66 हजार 400 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
दिव्यांग परीक्षार्थियों को लेखक (स्क्राइब) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी से प्रमाणित दिव्यांग प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा। परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले लेखक उपलब्ध कराया जाएगा। आवश्यकता होने पर बोर्ड कार्यालय में एक दिन पहले भी यह सुविधा दी जा सकती है।
डायल 112 और पुलिस की रहेगी निगरानी : परीक्षा केंद्रों के बाहर डॉयल 112 की टीम के अलावा पेट्रोलिंग टीमों की गश्त लगातार जारी रहेगी। इसके लिए सरकार की तरफ से भी सभी जिलों के अधिकारियों को नकल रोकने के लिए निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के मद्देनजर हरसंभव कोशिश की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर चार से पांच पुलिस कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी भी रहेगी।
बोर्ड ने ये बनाए उड़नदस्ते
बोर्ड ने 325 फ्लाइंग स्क्वॉयड करीब 1420 परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। इनमें बोर्ड अध्यक्ष-एक, बोर्ड उपाध्यक्ष-एक, बोर्ड सचिव-एक, उप सचिव-एक, सहायक सचिव (संचालन)-एक, उपायुक्त उड़नदस्ते-22, एसडीएम उड़नदस्ते-69, बोर्ड अध्यक्ष विशेष उड़ऩदस्ते-22, बोर्ड उपाध्यक्ष विशेष उड़नदस्ते-22, बोर्ड सचिव विशेष उड़नदस्ते-22, जिला शिक्षा अधिकारी उड़नदस्ते-22, जिला प्रश्नपत्र उड़नदस्ते-22, उपमंंडल प्रश्नपत्र उड़नदस्ते-48, संग्रहण केंद्र उड़नदस्ते-22, रैपिड एक्शन फोर्स के उड़नदस्ते-21, एसटीएफ के उड़नदस्ते-21, नियंत्रण कक्ष उड़नदस्ते-सात गठित किए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने ली ऑनलाइन बैठक
भिवानी। सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के लिए बोर्ड अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार ने नकल रोकने के लिए प्रभावी उपायों पर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के साथ वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से चर्चा की, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता, अखंडता और परीक्षाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना रहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त विभिन्न उडऩदस्तों को भी गड़बड़ी वाले परीक्षा केंद्रों पर और अधिक सतर्कता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड की परीक्षाएं नकल रहित संचालित करना उनकी प्राथमिकता है।
हेल्पलाइन नंबर जारी: किसी भी समस्या की स्थिति में छात्र बोर्ड द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 01664-254309 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सेकेंडरी शाखा की ईमेल assec@bseh.org.in तथा सीनियर सेकेंडरी शाखा की ईमेल assrs@bseh.org.in और adhos@bseh.org.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।

















