Haryana News: रेवाड़ी के इस राजकीय विद्यालय की होगी कायाकल्प, 3.30 करोड होंगे खर्च

On: March 21, 2026 8:10 PM
Follow Us:

Haryana News: रेवाड़ी जिले के कंवाली गांव में शिक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए बहुमंजिला भवन के निर्माण को सरकार से मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर करीब 3.30 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भवन का निर्माण टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तेजी से शुरू किया जाएगा। नए भवन में 12 कमरे, स्टाफ रूम, प्रधानाचार्य कक्ष, तीन प्रयोगशालाएं और लाइब्रेरी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल यादव ने बताया कि 1944 में स्थापित यह विद्यालय लंबे समय से अतिरिक्त कक्षाओं की मांग कर रहा था। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं की कमी को देखते हुए नया बहुमंजिला भवन अब शिक्षा स्तर में बड़ा बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों को डिजिटल स्मार्ट कक्षाओं और उन्नत लैब सुविधाओं की जरूरत थी, जिसे यह नया भवन पूरा करेगा। निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग तथा पंचायत प्रतिनिधियों की एक संयुक्त कमेटी बनाई गई है।

स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस परियोजना के लिए सरकार और संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया है। नया भवन तैयार होने के बाद क्षेत्र के बच्चों को बेहतर स्कूल माहौल मिलेगा। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में विद्यालय के परिणामों में सुधार हुआ है और छात्रों की संख्या भी बढ़ी है, ऐसे में यह निर्माण बच्चों के भविष्य के लिए वरदान साबित होगा।

अधिकारियों ने बताया कि 2023 में मिली स्वीकृति के बाद अब औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नया परिसर तैयार होने के बाद कंवाली विद्यालय को मॉडल स्कूल के तौर पर विकसित करने की योजना भी तैयार की जा रही है।

कई प्रतिभाएं छाई: इस स्कूल में पढने वाले कई विद्यार्थियो ने स्कूल ही नहीं गांव का भी नाम रोशन किया है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी स्कूल से पढने वाले नरेश यादव आइएएस अधिकारी बने जबकि रेवाडी के पहले आइआइटीयन सतपाल यादव भी यही स्कूल से पढे है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now