Haryana : हरियाणा के करनाल जिले में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे गंदे काम पर CM फ्लाइंग की टीम ने छापा मारा। असंध में सोमवार को टीम ने लंबे समय से अवैध रूप से चल रहे स्पा सेंटर में रेड के दौरान आपत्तिजनक हालत में 4 लड़कियों और स्पा सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
काफी समय से पुलिस के पास शिकायतें आ रही थी कि यहां स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा किया जाता है। शहर के सफीदों बाईपास पर अवैध रूप से चल रहे स्पा सेंटर पर CM फ्लाइंग और पुलिस ने रेड की। रेड के दौरान डीएसपी असंध, थाना असंध और महिला थाने की टीम साथ रही।
इस दौरान चार लड़कियां दूसरे राज्य की मिली हैं, जिनको मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं, स्पा सेंटर के संचालक जींद निवासी अंकित को भी पकड़ लिया गया है। रेड की जानकारी मिलते ही अन्य सभी जगह अफरातफरी मच गई।
थाना प्रभारी राकेश राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर रेड की गई थी। चार लड़कियां मिली है। वहीं, स्पा सेंटर मालिक अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

















