Home Haryana News Haryana News: तानों से स्टारडम तक! भिवानी के दो भाइयों का ‘बैरण’...

Haryana News: तानों से स्टारडम तक! भिवानी के दो भाइयों का ‘बैरण’ Billboard पर हिट

तानों से स्टारडम तक! भिवानी के दो भाइयों का ‘बैरण’ Billboard पर हिट

Haryana News: हरियाणा के भिवानी जिले के संडवा गांव से निकले दो चचेरे भाइयों सुमित और अनुज ने यह साबित कर दिया कि मेहनत करके कुछ भी हासिल किया जा सकता है। कभी संगीत को लेकर लोगों की आलोचना झेलने वाले इन दोनों भाइयों का हरियाणवी गाना ‘बैरण’ आज वैश्विक म्यूजिक प्लेटफॉर्म Billboard पर टॉप रैंकिंग में जगह बना चुका है। इतना ही नहीं, यह गाना यूट्यूब पर 10 करोड़ से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है और सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है।

बचपन से ही संगीत में रुचि रखने वाले सुमित और अनुज ने अपने शौक को ही करियर बनाने का फैसला किया। साल 2020 में कोरोना लॉकडाउन के दौरान उन्होंने पूरी तरह म्यूजिक पर फोकस करना शुरू किया। शुरुआती दौर आसान नहीं था। उन्होंने कई गाने बनाए, लेकिन उन्हें खास सफलता नहीं मिली। परिवार से उधार लेकर तैयार किए गए पहले गाने का म्यूजिक भी उन्हें पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने खुद सीखने और बेहतर करने का रास्ता चुना।

दोनों भाइयों ने हार नहीं मानी। उन्होंने हारमोनियम और कंप्यूटर खरीदा, यूट्यूब के जरिए म्यूजिक प्रोडक्शन सीखा और धीरे-धीरे अपने गानों में सुधार करते गए। 2024 में उन्होंने ‘बंजारा’ नाम से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया और लगातार नए गाने रिलीज किए। हालांकि शुरुआती गाने दर्शकों को प्रभावित नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी।

आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और ‘बैरण’ गाने ने उनकी किस्मत बदल दी। इस गाने के लिरिक्स को कई बार बदला गया, म्यूजिक पर खास मेहनत की गई और अंत में इसे ऑडियो व एनिमेटेड वीडियो के रूप में रिलीज किया गया। 17 मार्च को यह गाना Billboard India की टॉप रैंकिंग में शामिल हो गया, जो किसी भी नए कलाकार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

आज ‘बैरण’ की लोकप्रियता इतनी बढ़ चुकी है कि सोशल मीडिया पर इसके हजारों रील्स बन रहे हैं और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। खास बात यह है कि मात्र 50 हजार रुपये के बजट में तैयार हुआ यह गाना करोड़ों लोगों तक पहुंच चुका है।

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।
Exit mobile version