Big Accident: रेवाड़ी में एनएच-11 पर दर्दनाक सड़क हादसा, 52 वर्षीय एडवोकेट की मौत

On: January 8, 2026 6:43 PM
Follow Us:

Big Accident: रेवाड़ी जिले में नेशनल हाईवे-11 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय एडवोकेट समय प्रकाश की मौत हो गई। यह हादसा कनूका मोड़ फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ, जब उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का टायर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

रेवाड़ी पुलिस के अनुसार एडवोकेट समय प्रकाश अपने भाई के साथ नारनौल की ओर अपने पैतृक गांव पीथड़ावास जा रहे थे। दोनों भाई अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। समय प्रकाश आगे चल रहे थे, जबकि उनका भाई कुछ दूरी पर पीछे आ रहा था। जैसे ही समय प्रकाश कनूका फ्लाईओवर की ओर मुड़ रहे थे, उसी दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे को जोड़ने वाले बाईपास की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद समय प्रकाश सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पिछला टायर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान एडवोकेट समय प्रकाश के रूप में हुई, जो रेवाड़ी कोर्ट में वकालत करते थे और क्षेत्र में एक परिचित चेहरा माने जाते थे।

जांच अधिकारी एएसआई ललित ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now