कोसली (Best24News) हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार उपमंडल विधिक सेवा समिति, कोसली की ओर से शनिवार को ‘न्याय मित्र’ अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पैनल अधिवक्ता बिनाका यादव और पीएलवी संदीप डाबला ने कान्हड़वास, गुगोड़, मुरलीपुर, नांगल पठानी और बाबड़ोली सहित अन्य गांवों में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
अभियान के दौरान मल्टी यूटिलिटी व्हीकल और नई Traveller Van T-26 के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी सेवाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को किसान सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, महिलाओं और बच्चों के अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं व दिव्यांगों के अधिकारों सहित कई विषयों के बारे में जागरूक किया गया। इसके अलावा नेशनल लोक अदालत, मानव तस्करी, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकार, POCSO एक्ट, मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकार, गरीबी उन्मूलन योजनाओं, नशा मुक्त भारत अभियान, एसिड अटैक पीड़ितों की सहायता, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और ट्रांसजेंडर अधिकारों से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति कानूनी सहायता के लिए NALSA हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में एडवोकेट पंकज, पूर्व पीएलवी ओमप्रकाश डाबला सहित गांवों के अनेक महिला और पुरुष मौजूद रहे।













