Haryana crime: कोसली / रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी जिले के कोसली थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर उसके नाबालिग बेटे को नशीली गोलियां देकर यौन संबंध बनाने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।
वीडियो देखने के बाद हुआ खुलासा: कोसली पुलिस को दी शिकायत में पिता ने बताया कि आरोपी महिला पिछले करीब 5 वर्षों से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोप है कि महिला उसके नाबालिग बेटे को धोखे से नशीली दवाइयां देती थी और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाती थी।
शुरुआत में जब बेटे ने इस बात की जानकारी अपने पिता को दी, तो उसे विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद बेटे ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाकर पिता को दिखाया। वीडियो देखने के बाद पिता के होश उड़ गए और उसने तुरंत गांव के सरपंच को पूरे मामले से अवगत कराया।
घर से नकदी और गहने लेकर फरार
सरपंच से बातचीत के बाद जब पुलिस में शिकायत दी , तो इसकी भनक महिला को लग गई। आरोप है कि महिला ने रात के समय अपने लिव-इन पार्टनर को खाने या पानी में नींद की गोलियां दे दीं। जब वह बेहोश हो गया, तो महिला घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकरि रात के अंधेरे में फरार हो गई।
जांच में सामने आया महिला का आपराधिक रिकॉर्ड
कोसली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान प्राथमिक जानकारी मिली है कि आरोपी महिला फिलहाल गुरुग्राम में किराए का मकान लेकर रह रही है।
पीड़ित पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला पूर्व में भी ब्लैकमेलिंग और झूठे मुकदमों का सहारा लेती रही है। उसने 2020 में अपने लिव-इन पार्टनर (शिकायतकर्ता) पर भी रेप का केस दर्ज करवाया था, जिसमें बाद में फैसला हो गया था। पुलिस टीम आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।












