धारूहेड़ा(Best24News): औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा में अब अपराध के रास्तों पर पुरुषों के साथ-साथ लड़कियां भी सक्रिय होती दिख रही हैं। हाल ही में धारूहेड़ा बस स्टैंड स्थित हिटाची कंपनी के एटीएम (Hitachi ATM) में चोरी के प्रयास की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। बाइक से आई दो लड़कियों की इस करतूत का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल होने के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी चर्चा और खौफ का माहौल बना हुआ है।

एटीएम से पैसे निकाले, फिर जेब से पेचकस निकालकर तोड़ी प्लेट
बता दे कि सोमवार सुबह करीब 9:00 बजे बस स्टैंड स्थित हिटाची एटीएम पर बाइक पर सवार होकर दो लड़कियां पहुंचीं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि उनमें से एक लड़की ने पहले अपने एटीएम कार्ड से कैश निकाला। इसके तुरंत बाद उसने अपनी जेब से एक पेचकस (Screwdriver) निकाला और एटीएम की प्लेट तोड़ने लगी। लड़की की मंशा प्लेट तोड़कर एटीएम के अंदर मौजूद नकदी पर हाथ साफ करने की थी, लेकिन वह इसमें पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। यह पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
ढाई लाख रुपये लोड किए थे, शाम को मिला डैमेज
हिटाची एटीएम की फ्रेंचाइजी चलाने वाले संचालक प्रेम ने बताया कि उन्होंने सोमवार को ही एटीएम में करीब 2.5 लाख रुपये कैश लोड किए थे। शाम को जब वे एटीएम की जांच करने आए, तो मशीन डैमेज (क्षतिग्रस्त) पाई गई। जब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग चेक की, तो वारदात का खुलासा हुआ। गनीमत यह रही कि लड़कियां कैश चोरी करने में नाकाम रहीं, लेकिन एटीएम मशीन को काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस को दी गई सूचना, वायरल वीडियो बनी चर्चा का विषय
वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद संचालक ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार दोनों शातिर लड़कियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।














