Jaitpur Dhaam: जिला रेवाड़ी की सीमा से राजस्थान के गांव जैतपुर धाम में प्राचीन श्री श्याम मंदिर, नवनिर्मित श्री श्याम कुंड का भव्य उद्घाटन 5 जुलाई रविवार को किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा, मंत्री संजय शर्मा, डॉ. मोहित जसवंत यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।

शनिवार को निकाली कलश यात्रा
जैतपुर धाम स्थित नवनिर्मित श्याम कुंड परिसर में शनिवार को भव्य कलश यात्रा, मूर्ति स्थापना और वैदिक हवन का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र श्याम बाबा के जयकारों से गूंज उठा।महामंडलेश्वर रामेश्वर दास महाराज के सान्निध्य में 551 महिलाओं द्वारा श्याम कुंड से शुरू की गई। यात्रा ने पूरे गांव की परिक्रमा की और फिर नवनिर्मित श्याम कुंड परिसर में वापस लौटी।
उद्घाटन समारोह को लेकर लोगो में खुशी
महामंडलेश्वर महंत रामेश्वर दास महाराज ने बताया कि श्री श्याम कुंड का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए कराया गया है। उद्घाटन समारोह में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
धाम समिति के अध्यक्ष ताराचंद यादव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा, भोजन प्रसादी, पेयजल, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियां लगातार तैयारियों में जुटी हुई हैं।

समारोह में प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर लाल सिंह लक्खा अपने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। इसके अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्याम भक्त भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जैतपुर धाम की मान्यताएं
बता दे रेवाडी की सीमा से सटे नीमराणा राजसथान के जैतपुर धाम की अपनी ही मान्यताएं हैं। इस प्राचीन मंदिर में हर वर्ष फाल्गुन मास की एकादशी और द्वादशी और चांदनी ग्यारस पर बाबा का कीर्तन होता है और विशाल मेला लगता है। उसी प्रकार होली से पहले हरियाणा व आसपास के श्याम भक्तों का मेला लगता है।













