Rewari News: नई चेयरपर्सन विनीता पीपल ने पदभार ग्रहण करने से पहले ही सड़कों पर उतर कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। शपथ ग्रहण से पहले ही उनका सख्त रुख दिखना शुरू हो गया है। सफाई व्यवस्था निरीक्षण के दौरान विनीता पीपल ने मुख्य बाजार की गलियों में स्वीपिंग मशीन चलवा कर लोगों को साफ सफाई को लेकर एक बड़ा संदेश भी दिया।
निरीक्षण से कर्मचारियों में बढ़ी हलचल
सुबह के समय विनिता पीपल अग्रसेन चौक पहुंचीं, जहां सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मशीन को मुख्य बाजार और अंदर की गलियों की तरफ रवाना किया। शहर के लोगों के अनुसार बाजार की सड़कों पर इस तरह मशीन से सफाई काफी लंबे समय बाद देखने को मिली है।
चेयरपर्सन खुद भी कर्मचारियों के साथ पैदल गलियों में घूमीं और कई स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें अपनी समस्याएं भी बताईं। बाजार के दुकानदारों ने कहा कि यदि नियमित रूप से ऐसी सफाई होती रही तो शहर की तस्वीर बदल सकती है।
विनीता पीपल ने कहा कि जिस भरोसा पर जनता ने हमें यह पद दिया है हम जनता के भरोसे पर खरा उतरेंगे। हमें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी हम पूरी ईमानदारी से उस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। विनीता पीपल ने स्पष्ट रूप से संकेत दे दिया है कि वह किसी भी तरह से भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगी
मुख्य बाजार से कॉलोनियों तक पहुंचा सफाई अभियान
सफाई अभियान केवल मुख्य सड़क तक सीमित नहीं रहा। मशीन को संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी ले जाया गया, जहां आमतौर पर सफाई व्यवस्था कमजोर नजर आती है। चेयरपर्सन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ निर्देश दिए कि शहर के हर हिस्से में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल दिखावे तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि लोगों को साफ वातावरण मिलना जरूरी है। इसके लिए नगर परिषद स्तर पर लगातार निगरानी और सुधार किया जाएगा।






















