Haryana: बावल : खाद आपूर्ति विभाग ने अवैध गैस सिलेंडर कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रसियावास रोड स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान 1, 3 और 5 किलोग्राम के छोटे गैस सिलेंडरों का भारी जखीरा बरामद किया गया। टीम ने मौके से 1000 से अधिक खाली सिलेंडर जब्त किए, जबकि कार्रवाई के दौरान यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई गई।

छापेमारी की खबर मिलते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह गोदाम अवैध रूप से छोटे सिलेंडरों के भंडारण और भराई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
यह कार्रवाई जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के डीएफओ नीतीश सिंगला के निर्देशन में गठित टीम द्वारा की गई, जिसमें एएफएसओ एसपी मेहता, सप्लाई इंचार्ज रविंद्र, सब इंस्पेक्टर जयवीर और बावल पुलिस के अधिकारी भी शामिल रहे।
दो घंटे तक चला अभियान
टीम ने करीब दो घंटे तक लगातार अभियान चलाकर सिलेंडरों को जब्त किया और गोदाम में मौजूद पूरे स्टॉक की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में यहां 2000 से अधिक सिलेंडर होने का अनुमान है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध गैस कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एजेंसियों से ही गैस सिलेंडर लें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि संभावित हादसों से बचाव किया जा सके। बड़े अवैध जखीरे का खुलासा
उल्लेखनीय है कि विभाग के अधिकारी ग्राहक बनकर क्षेत्र में निगरानी कर रहे थे, जिसके दौरान इस बड़े अवैध जखीरे का खुलासा हुआ और यह कार्रवाई संभव हो सकी।

















