Rewar: शहर के मेट्रो अस्पताल, रेवाड़ी ने मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से ‘प्रेस रिपोर्टर हेल्थ कार्ड’ योजना की शुरुआत की गई है। अस्पताल के यूनिट हेड डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान इस हेल्थ कार्ड का औपचारिक अनावरण किया और इसके लाभों की जानकारी दी।
डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस विशेष हेल्थ कार्ड के माध्यम से पत्रकारों तथा उनके परिवार के सदस्यों को अस्पताल में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य उन पत्रकारों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, जो दिन-रात समाज को जागरूक करने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं। अपने कार्य के दबाव और व्यस्त दिनचर्या के कारण वे अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। मेट्रो अस्पताल उनकी इस निस्वार्थ सेवा का सम्मान करता है और इस हेल्थ कार्ड के माध्यम से पत्रकारों व उनके परिवारों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह हेल्थ कार्ड मेट्रो अस्पताल के पंजीकरण काउंटर से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर प्राप्त किया जा सकता है। मेट्रो अस्पताल अपनी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के साथ रेवाड़ी क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
















