Rewari: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय Dharuhrea परिसर में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से ग्राहक जागरूकता पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आर बी यादव के मार्गदर्शन में जिला रेवाड़ी इकाई द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।Rewari
कार्यक्रम के दौरान जिला सचिव धीरज शर्मा जांगड़ा, भिवानी विभाग संयोजक शेफ तरुण सिकरवाल, यश जी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर समरसता प्रमुख राजेश जी ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में हर व्यक्ति उपभोक्ता है, इसलिए बाजार में किसी भी प्रकार की ठगी से बचने के लिए जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि खरीदारी करते समय पैकिंग, गुणवत्ता और मूल्य से जुड़ी जानकारियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
जिला सचिव धीरज शर्मा जांगड़ा ने अपने संबोधन में उपभोक्ताओं के अधिकारों और कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता यदि सजग रहेगा तो दुकानदारों और व्यापारियों द्वारा की जाने वाली अनियमितताओं पर स्वतः अंकुश लगेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि खरीदारी के बाद बिल लेना, एमआरपी से अधिक भुगतान न करना, वजन और माप की जांच करना, उत्पाद की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट देखना उपभोक्ता की बुनियादी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने ISI, AGMARK जैसे मानक चिह्न देखकर ही सामान खरीदने की सलाह दी।
विभाग संयोजक शेफ तरुण सिकरवाल ने कहा कि ग्राहक जागरूकता केवल किसी एक संगठन या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक प्रयास से ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों और अध्यापकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज में भी उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि जब अधिक लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग होंगे, तभी बाजार में ग्राहकों के शोषण पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के मुख्याध्यापक सुरेंद्र , अध्यापक रामौतार सहित समस्त शिक्षक गण का सहयोग रहा। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति सजग करने का सार्थक प्रयास किया गया।

















