Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तर की तरफ रफ्तार पकड़ ली है। वहीं 7 जून तक मानसून ने महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम के कुछ हिस्सों को कवर कर लिया है। ऐसे में विभाग ने अगले एक सप्ताह में मौसम के बड़े बदलाव की संभावना जताई है। यहां देखें विभिन्न राज्यों में अगले एक सप्ताह तक कैसा मौसम रहेगा।
UP में 11 जून को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने UP के मौसम को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 10 जून तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 11 जून के बाद मौसम करवट लेगा।
लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 11 जून को हल्की से मध्यम बारिश, जबकि 12 और 13 जून को कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश (Heavy Rainfall) की संभावना है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, देवरिया, लखनऊ, बहराइच, बलरामपुर, कुशीनगर, आजमगढ़ आदि जिलों में 11 जून को बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा 30 से 50 किमी/घंटा की स्पीड से चल सकती है।
उत्तराखंड में जानें कब होगी बारिश
वहीं, उत्तराखंड में 11 से 13 जून के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 की स्पीड से हवा चलने की संभावना है।
दक्षिण भारत में मूसलधार बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 10 जून से 13 जून के बीच भारी बारिश का पूर्वानुमान है। केरल और कर्नाटक में बहुत भारी वर्षा (Very Heavy Rainfall) की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने की भी संभावना है।
वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और नागालैंड में 7 से 13 जून के बीच व्यापक बारिश की चेतावनी दी गई है। खासकर असम और मेघालय में 10 से 13 जून तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में गर्म हवाओं का अलर्ट
दिल्ली और एनसीआर में 8 से 10 जून के बीच अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही दिन में धूलभरी आंधी और गर्म हवाएं भी चल सकती हैं। भारत मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मछुआरों को अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 से 11 जून तक अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज लहरों और आंधी की संभावना जताई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

















