Haryana : हरियाणा में लोकसभा टिकट के लिए 100 करोड़ की डील, 63 लाख रुपए कर चुके थे ट्रांसफर, दो गिरफ्तार

On: March 21, 2026 11:54 PM
Follow Us:
_haryana

Haryana : हरियाणा के हांसी के न्यू सुभाष नगर निवासी भाजपा नेता से लाखों की ठगी मामले में नया मोड आ गया है। भाजपा नेता प्रवीण गोदारा से हिसार लोकसभा सीट की टिकट दिलवाने के नाम पर 100 करोड़ रुपए में डील हुई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी।

पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर मामले से जुड़ी अहम जानकारियों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह डील दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मुलाकात के दौरान हुई थी, जहां आरोपियों ने खुद को शीर्ष स्तर से जुड़ा हुआ बताते हुए गोदारा को लोकसभा टिकट दिलवाने का भरोसा दिलाया।

30 करोड़ एडवांस देना फाइनल हुआ

दिल्ली में भाजपा पार्टी के मुख्यालय में प्रवीण गोदारा की कपिल अग्रवाल और हर्ष अग्रवाल दो लोगों से मुलाकात हुई थी। इन लोगों ने प्रवीण को आश्वासन दिया कि उन्हें हिसार लोकसभा का टिकट दिलवा देंगे। नॉर्थ एवेन्यू में हरपाल सिंह और आशीष पाठक से मुलाकात हुई थी। यह डील 100 करोड़ में हुई थी। जिसमें 30 करोड़ एडवांस और 70 करोड़ टिकट मिलने के बाद देने फाइनल हुए थे।

63 लाख 88 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए

पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने कहा कि आगे हुई मुलाकातों में प्रवीण गोदारा ने 63 लाख 88 हजार रुपए आरोपियों के खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। यह खाते कपिल अग्रवाल के नाम पर थे और कपिल अग्रवाल ने यह पैसे आशीष पाठक को ट्रांसफर कर दिए जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसमें एक की पहचान दिल्ली के राजेंद्र नगर निवासी कपिल और गुरुग्राम की दयाल मार्केट निवासी आशीष के रूप में हुई थी। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर 6 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इन्हें जांच के लिए दिल्ली लेकर गई हुई है। प्रवीण गोदारा ने इसकी शिकायत 22 अप्रैल 2025 को पुलिस को दी थी।

दो फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं, जो राजनीतिक महत्वाकांक्षा रखने वाले नेताओं को निशाना बनाकर इसी तरह की ठगी करते हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। इनमें से एक आरोपी हरपाल ने आगामी बेल के लिए अर्जी डाली थी जो खारिज हो गई है। एसपी ने यह भी कहा कि मामले में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

गुजरात से जुड़े हैं तार

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिस आरोपी आशीष पाठक से पैसा कपिल अग्रवाल के अकाउंट के माध्यम से आया था। उसकी ब्लू पैक नाम से आईटी कंपनी है। जिसमें करंट अकाउंट चलता है वह आशीष पाठक के नाम रजिस्टर्ड है।

इस बारे में भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन हिसार जिला अध्यक्ष अशोक सैनी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई भनक नहीं है। हालांकि प्रवीण गोदारा पिछले कई वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। मगर उन्हें टिकट को लेकर हुई इस डील की कोई जानकारी नहीं है।

कई वर्षों से भाजपा से जुड़े प्रवीण गोदारा

हांसी के न्यू सुभाष नगर निवासी प्रवीण गोदारा कई वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं। और उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भी भारतीय जनता पार्टी की बड़े नेताओं के साथ फोटो मौजूद हैं। उनके साथ इस तरह की ठगी होना चर्चा का विषय बना हुआ है।

Best24News

सुनील कुमार पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 8 साल से सक्रिय है। इन्होंने दैनिक जागरण, राजस्थान पत्रिका, हरीभूमि व अमर उजाला में बतौर संवाददाता काम किया है। अब बेस्ट 24 न्यूम में बतौर फाउंडर कार्यरत हूं

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now