
रेवाड़ी (Best24News) इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के दो वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. सुनील कुमार और प्रो. पंकज कुमार त्यागी को वर्ष 2026 के दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। यह सूची स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी, अमेरिका और एल्सेवियर द्वारा जारी की जाती है। प्रो. सुनील कुमार को यह उपलब्धि चौथी बार मिली है, जिससे विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।
प्रो. सुनील कुमार विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले तथा फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के डीन एवं अध्यक्ष हैं। वहीं, प्रो. पंकज कुमार त्यागी जीव प्राणी विभाग के अध्यक्ष एवं डीन, फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज हैं। वे वर्तमान में निदेशक अनुसंधान एवं विकास और नेक कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। दोनों प्राध्यापकों की इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के शोध कार्यों और शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने दोनों प्राध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय और पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि दोनों शिक्षकों के उत्कृष्ट शोध और शिक्षा के प्रति समर्पण को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय में शोध एवं नवाचार के वातावरण को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों और अन्य शिक्षकों को उच्च स्तरीय अनुसंधान के लिए प्रेरित करती हैं।
ये भी पढ़ें:बावल में तीन शराब ठेकों पर लूटपाट और तोड़फोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने भी दोनों प्राध्यापकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और वैज्ञानिक उपलब्धियों को दर्शाती है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और कर्मचारियों ने प्रो. सुनील कुमार तथा प्रो. पंकज कुमार त्यागी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें:फसल बीमा राशि को लेकर रेवाड़ी किसान यूनियन का प्रदर्शन का अल्टीमेटम
