रेवाड़ी (Best24News): रक्षाबंधन व आगामी त्यौहारों के चलते रेवाड़ी जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच रविवार दोपहर प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया। ऐन वक्त पर ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलने (डायवर्जन) की घोषणा के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 पर यात्रियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्लेटफॉर्म पर भीड़ इतनी अधिक हो गई कि यात्रियों का सांस लेना तक दूभर हो गया। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन रेलवे की अव्यवस्था को लेकर यात्रियों में भारी रोष देखा गया। बता दे कि एक ही प्लेटफॉर्म पर 2 प्रमुख ट्रेनों की घोषणा के चलते एक दम भीड आ गई।
क्यों हुआ ऐसा’ बता दे कि वंदे भारत एक्सप्रेस का डायवर्जन होने के चलते रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को अचानक प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर आने की घोषणा कर दी। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आने वाली आला हजरत एक्सप्रेस को भी प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ही शिफ्ट कर दिया गया। प्लेटफॉर्म 4 पर पहले से ही दिल्ली से श्री गंगानगर जाने वाली ट्रेन के यात्रियों का भारी हुजूम मौजूद था।
अचानक दो बड़ी और प्रमुख ट्रेनों के यात्रियों को एक ही स्थान पर डायवर्ट किए जाने से प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 आपस में पूरी तरह पैक हो गए और वहां पैर रखने तक की जगह नहीं बची। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल (RPF/GRP) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। यात्रियों का आरोप है कि इतने संवेदनशील समय में प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे।
यात्रियों का कहना था कि यदि उस दौरान थोड़ी सी भी अफवाह या भगदड़ मच जाती, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। त्यौहारों के सीजन में ट्रेनों और प्लेटफॉर्म के अचानक बदलाव पर रोक लगाने और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की गई है।














