Haryana News: हरियाणा सरकार राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान स्कूली छात्रों को बड़ी राहत देने जा रही है। राज्य के सरकारी स्कूलों के नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों को हिमाचल प्रदेश के मनाली घूमने का मौका मिलेगा। शिक्षा विभाग छात्रों को मनाली की सैर कराएगा, जहां 26 जून से एडवेंचर कैंप शुरू होने जा रहे हैं।
6 जुलाई तक दो चरणों में लगने वाले इन कैंपों में छात्रों को नदी और घाटी पार करने के साथ-साथ ट्रैकिंग, जिप लाइन, चढ़ाई, रैपलिंग, राइफल शूटिंग, पिस्टल शूटिंग, तीरंदाजी, बाधा पार जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा।
प्रत्येक जिले से 50 छात्र लेंगे हिस्सा
इस टूर में राज्य के प्रत्येक जिले से 50-50 छात्र मनाली जाएंगे, जिसमें 25 लड़के और 25 लड़कियां शामिल होंगी। जिसका पहला बैच 25 जून और दूसरा बैच 1 जुलाई को रवाना होगा। पहले बैच में अंबाला, फरीदाबाद, हिसार, झज्जर, कैथल, महेंद्रगढ़, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत और सिरसा जिले शामिल हैं। इसी तरह दूसरे बैच में भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, नूंह, पलवल, पंचकूला और यमुनानगर के विद्यार्थी जाएंगे। खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी पत्र के अनुसार दल के साथ 2 अध्यापक भी जाएंगे।

















