रेवाडी में भाजपा नेता के भतीजे जितेंद्र यादव का दोस्त ने ही किया मर्डर

On: September 8, 2026 8:17 PM
Follow Us:
रेवाड़ी में एचपीसीएल प्लांट के जितेंद्र यादव की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई, जांच के लिए मौके पर पहुंची मॉडल टाउन पुलिस
रेवाड़ी में एचपीसीएल प्लांट के जितेंद्र यादव की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई, जांच के लिए मौके पर पहुंची मॉडल टाउन पुलिस

रेवाड़ी: भाड़ावास रोड पर एचपीसीएल प्लांट के पास सोमवार शाम 40 वर्षीय जितेंद्र यादव की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर उसके बचपन के दोस्त व निर्माण ठेकेदार प्रवीण को नामजद करते हुए दो अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

CCTV में क्या दिखा?

CCTV फुटेज में एक काली थार भाड़ावास रोड से हटकर एक संकरे रास्ते पर रुकती दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद जितेंद्र यादव गाड़ी से उतरकर सड़क किनारे चला जाता है। इसी दौरान थार से दो युवक बाहर निकलते हैं। एक युवक आसपास नजर रखता दिखाई देता है।

फुटेज के अनुसार, मौका देखकर दूसरा युवक जितेंद्र के पीछे पहुंचता है और उसके सिर पर रॉड से हमला कर देता है। हमले के बाद जितेंद्र जमीन पर गिर जाता है। इसके बाद आरोपी थार में बैठकर मौके से फरार हो जाते हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

डेयरी के लिए घर से निकला था जितेंद्र

गांव कमालपुर निवासी उत्तम सिंह ने बताया कि जितेंद्र खेती-बाड़ी करता था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह बाइक से डेयरी के लिए निकला था। शाम के समय उसे गांव के बस अड्डे पर भी देखा गया था। बाद में गांव के सरपंच ने परिजनों को फोन कर बताया कि जितेंद्र को गोली मार दी गई है।

परिजन मौके पर पहुंचे तो जितेंद्र जमीन पर पड़ा था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बचपन के दोस्त थे जितेंद्र और प्रवीण

परिजनों के अनुसार जितेंद्र यादव और प्रवीण बचपन के दोस्त थे और दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। परिवार को दोनों के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। ऐसे में हत्या की वजह को लेकर परिजन भी हैरान हैं।

जितेंद्र करीब पांच साल विदेश में रहा था। करीब तीन साल पहले उसके पिता की मौत के बाद वह वापस गांव आया था। इसके बाद वह खेती-बाड़ी करने लगा। परिवार में उसका करीब 18 वर्षीय बेटा और 15-16 वर्षीय बेटी है। मृतक के चाचा उत्तम सिंह भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं।

पुलिस जांच में जुटी

मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस CCTV फुटेज और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार हत्या की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now