Haryana: रेवाड़ी। रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांव आकेड़ा और घटाल महनियावास को मिलाकर ‘महाग्राम’ बनाने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह निर्णय विधायक लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा विधानसभा में उठाई गई मांग के बाद सामने आया है, जिसे जनस्वास्थ्य मंत्री कृष्ण लाल पवार ने मंजूरी दे दी है।
विधानसभा में मुद्दा उठाते हुए विधायक ने बताया कि आकेड़ा और घटाल महनियावास गांवों में कई कालोनियां विकसित हो चुकी हैं, जहां करीब 25 हजार से अधिक लोग निवास कर रहे हैं। आकेड़ा में करण कुंज, विवेकानंद कॉलोनी और कौशिक कॉलोनी जैसी बस्तियां हैं, जबकि घटाल महनियावास में नारायण विहार, नरेश विहार और श्याम विहार सहित अन्य कॉलोनियां बसी हुई हैं।
ये सभी क्षेत्र एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी से सटे होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रमिक और उनके परिवार रहते हैं। बढ़ती आबादी के कारण मूलभूत सुविधाओं, खासकर सीवरेज व्यवस्था की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
विधायक ने क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या को गंभीर बताते हुए सीवरेज लाइन डालने की मांग रखी। इस पर मंत्री कृष्ण लाल पवार ने कहा कि जिन गांवों की आबादी 10 हजार से अधिक होती है, उन्हें महाग्राम घोषित कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि आकेड़ा और घटाल महनियावास महाग्राम की शर्तों को पूरा करते हैं, इसलिए इन्हें एकीकृत कर सीवरेज सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए एडीसी और जिला परिषद के सीईओ की एक कमेटी गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से दोनों गांवों के लोगों में खुशी का माहौल है और उन्हें जल्द ही बुनियादी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।
बता दे कि आकेड़ा व गुर्जर घटल में पिछले कई सालों से दूषित पानी व जल भराव की समस्या से जूझ रहा है। इसके लिए दोनों पंचायत की ओर से बार-बार विधायक हव उपाउक्त के पास मांग लेटर देकर समस्याओं के समाधान के लिए मांग रखी जा रही थी।

















