Haryana News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों को भीड़-भाड़ और ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने के लिए हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है। इसी दिशा में फरीदाबाद से एक खुशखबरी सामने आई है।
फरीदाबाद जिले की दिल्ली से कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए आश्रम रोड से फरीदाबाद तक एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाईओवर के बनने के बाद लोगों को फरीदाबाद से आश्रम तक जाने में ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा और यह सड़क मार्ग पूरी तरह सिग्नल फ्री हो जाएगा।
हाल ही में सेक्टर-37 स्थित अशोका एन्क्लेव में फरीदाबाद जिले के तीनों मंत्रियों विपुल गोयल, राजेश नागर और गौरव गौतम के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने इस योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह बहुत पुरानी मांग रही है और अब दिल्ली में भी भाजपा सरकार होने के कारण इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने में कोई अड़चन नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, इसलिए इसे प्रमुखता से पूरा किया जाएगा ताकि लोगों को सफर में राहत मिल सके।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। चौड़ी सीमेंटेड सड़कें, नए स्कूल, बिजली स्टेशन और IT जैसे प्रोजेक्ट्स इस क्षेत्र में विकास की नई पटकथा लिख रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का समग्र और समान विकास हो रहा है। आमजन की समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले यात्रियों और रोजाना इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों के लिए यह एलिवेटेड फ्लाईओवर बड़ी राहत साबित होगा।

















