Haryana Crime: रेवाड़ी जिले के नाहड़ गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के छात्र ने अपने घर की छत पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान नटवरलाल के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नटवर स्कूल से लौटकर घर आया और चाय पीने के बाद खेत में घुस गई एक गाय को निकालने गया। वहां से लौटने के बाद वह सीधा छत पर बने कमरे में चला गया। जब काफी देर तक नीचे नहीं आया तो उसकी बहन उसे बुलाने के लिए गई, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था और कोई जवाब नहीं मिला।Haryana Crime
इसके बाद परिजनों ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन तुरंत उसे कोसली अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। इसके चलते पुलिस ने घर के सभी मोबाइल फोन खंगाले और यह जानने की कोशिश की कि कहीं वह किसी ऑनलाइन गेम या अन्य मानसिक दबाव में तो नहीं था। लेकिन अभी तक ऐसी कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
नाहड़ चौकी इंचार्ज PSI मनीष ने बताया कि छात्र द्वारा फांसी लगाने की वजह का पता लगाने के लिए उसके स्कूल के दोस्तों और शिक्षकों से भी बातचीत की जा रही है। परिवार की आर्थिक, सामाजिक और भावनात्मक स्थितियों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पूरे गांव में इस दुखद घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है और लोग यह समझ नहीं पा रहे कि एक होनहार छात्र ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

















