Bakrid 2025: दिल्ली सरकार ने बकरीद के मौके पर एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने बकरीद के मौके पर प्रतिबंधित पशुओं व ऊंट की कुर्बानी पर रोक लगा दी है। बकरीद सात जून यानि शनिवार को मनाई जाएगी। जारी एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली सरकार द्वारा पशु कल्याण और सार्वजनिक स्वच्छता को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। सरकार ने जारी एडवाइजरी में बकरीद के दौरान कानूनी और स्वच्छ तरीकों को सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जारी एडवाइजरी के अनुसार सभी कुर्बानी की रस्में सिर्फ निर्धारित जगहों पर ही होनी चाहिए। सड़कों, गलियों या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी देना सख्त मना है।
इसके अलावा, कुर्बानी की रस्मों की फोटो या वीडियो लेने और इंटरनेट मीडिया पर साझा करने पर भी रोक लगाई गई है, ताकि ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा न मिले।
दिल्ली सरकार के रुख को रेखांकित करते हुए कहा कि हम त्योहार के उत्सव के दौरान किसी भी अवैध बलि या क्रूरता को बर्दाश्त नहीं करेंगे। एडवाइजरी का सख्ती से पालन अनिवार्य है और उल्लंघन करने वालों को कानून प्रवर्तन एजेंसियों से तत्काल कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
विकास विभाग द्वारा जारी यह एडवाइजरी सचिव-सह-आयुक्त (विकास), डीएम, डीसीपी, आयुक्त (एमसीडी) और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि बकरीद के दौरान पशु कल्याण कानूनों को सख्ती से लागू करें और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।

















