Home Dharuhera News Bhiwadi Road Project: लाखों रूपये खर्चकर बदलेगा भिवाड़ी का सबसे व्यस्त चौक,...

Bhiwadi Road Project: लाखों रूपये खर्चकर बदलेगा भिवाड़ी का सबसे व्यस्त चौक, अब नहीं लगेगा जाम 

लाखों रूपये खर्चकर बदलेगा भिवाड़ी का सबसे व्यस्त चौक, अब नहीं लगेगा जाम 

Bhiwadi Road Project: भिवाड़ी के सबसे व्यस्त समतल चौक की तस्वीर बदलने वाली है। बरसात के मौसम में यहां काफी पानी भर जाता था जिसकी वजह से गाड़ी चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हालांकि अब रेवाड़ी पलवल हाईवे पर स्थित इस महत्वपूर्ण चौराहे की तस्वीर बदलने वाली है।

लाखों रुपए खर्च कर यहां निर्माण कार्य किया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि निर्माण कार्य की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां जल भराव की समस्या खत्म हो जाएगी और मानसून के समय किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।

आपको बता दे कि इस परियोजना के लिए पहले भी दो बार टेंडर जारी किया जा चुका था लेकिन किसी भी एजेंसी ने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। लेकिन अब तीसरी बार टेंडर की प्रक्रिया पूरी करके एक एजेंसी को कार्य सौंप दिया गया है और फिलहाल इसके लिए सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू किया गया है और यह कार्य पूरा होने के बाद अगले चरण का कार्य शुरू होगा।

आधा फीट ऊंची बनाई जा रही सड़क (Bhiwadi Road Project)

निर्माण के दौरान सड़क को पहले की तुलना में करीब आधा फीट ऊंचा बनाया जा रहा है ताकि बरसात के दौरान पानी जमा न हो। इसके साथ ही जल निकासी व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। पहले जहां छोटे पाइप लगे हुए थे, वहीं अब बड़े बॉक्स ड्रेनेज सिस्टम तैयार किए जा रहे हैं, जिससे पानी आसानी से निकल सकेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात में यह चौक तालाब बन जाता था और बड़े वाहन पुलिया में फंस जाते थे। कई बार घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब सड़क चौड़ी होने और नई तकनीक से निर्माण होने के बाद यातायात काफी आसान हो जाएगा।

भारी वाहनों और बाजार क्षेत्र को मिलेगा फायदा

समतल चौक शहर के मुख्य व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ता है। यहां से हर दिन बड़ी संख्या में भारी वाहन, मजदूर और स्थानीय लोग गुजरते हैं। चौराहे के आसपास बाजार, अस्पताल और कॉलोनियां होने के कारण यह इलाका हमेशा व्यस्त रहता है।

नई सड़क बनने के बाद व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। प्रशासन के अनुसार निर्माण कार्य जून के अंत तक पूरा कर ट्रैफिक सामान्य करने की तैयारी है।

लंबे समय से लोग कर रहे थे सुधार की मांग

स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने कई बार प्रशासन से चौक की हालत सुधारने की मांग उठाई थी। खराब सड़क, गंदगी और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में यह चौक शहर के सबसे बेहतर यातायात केंद्रों में शामिल होगा।

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।
Exit mobile version