रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी शहर के सेक्टर-18 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय (Girls College) के पास बृहस्पतिवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कॉलेज से छुट्टी के बाद छात्राओं को लेकर बस स्टैंड जा रहा एक ऑटो मोड़ पर सैंट्रो कार से टकराकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में क्षमता से अधिक 12 छात्राएं सवार थीं, जो गंभीर रूप से घायल हो गईं।
राहगीरों ने तुरंत सभी घायलों को रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया, जहाँ 3 छात्राओं की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें रोहतक PGI (PGIMS Rohtak) रेफर किया गया है। ऑटो में सवार घायल छात्रा मुस्कान, कशिश, पिंकी, कुमकुम, मोनिका और सोनिया ने बताया कि वे कॉलेज से पढ़ाई खत्म कर अपने घर लौटने के लिए बस स्टैंड जा रही थीं। छात्राओं के अनुसार, ऑटो चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और उसने कान में हेडफोन लगा रखा था, जिस पर वह फोन से बात कर रहा था।
छात्राओं ने किया था मना: छात्राओं ने ड्राइवर को बार-बार स्पीड धीमी करने और ध्यान से चलाने को कहा, लेकिन उसने अनदेखा कर दिया। सेक्टर-18 के पास मोड़ पर सामने से अचानक आई सैंट्रो कार से ऑटो की सीधी भिड़ंत हो गई और ऑटो असंतुलित होकर सड़क पर ही पलट गया।
बिना कागजात व फिटनेस के दौड़ रहा था ऑटो
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू की। पुलिस जाँच में खुलासा हुआ कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो बिना किसी वैध कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़कों पर दौड़ रहा था। बता दे कि सेक्टर-18 स्थित राजकीय महिला कॉलेज के लिए पर्याप्त सरकारी बस सुविधा न होने के कारण छात्राओं को जान जोखिम में डालकर रोजाना ऐसे डग्गामार और ओवरलोड ऑटो में सफर करने को मजबूर होना पड़ता है। पुलिस ने ऑटो और कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।













