रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने छात्रा को कुचला, ग्रामीणों ने लगाया जाम

On: September 3, 2026 8:59 PM
Follow Us:
रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने छात्रा को कुचला, ग्रामीणों ने लगाया जाम

रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी जिले के खेड़ी बस स्टैंड पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कोचिंग के लिए रेवाड़ी जा रही 15 वर्षीय छात्रा मधु जैसे ही बस में चढ़ने लगी, चालक ने अचानक बस चला दी। संतुलन बिगड़ने से छात्रा सड़क पर गिर पड़ी और खचाखच भरी रोडवेज बस का टायर उसके दोनों पैरों के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर बाजरे के खेत में जा छिपा, जहाँ ग्रामीणों ने उसे ढूँढ निकालकर जमकर पीटा और सड़क पर जाम लगा दिया।

एक पैर बस में था, तभी ड्राइवर ने चला दी गाड़ी

ग्रामीणों ने बताया कि रेवाड़ी डिपो की बस (HR47GV8116) महेंद्रगढ़ के गांव गुजरवास में नाइट स्टे के बाद गुरुवार सुबह रेवाड़ी के लिए रवाना हुई थी। खेड़ी बस स्टैंड पहुँचते-पहुँचते बस यात्रियों से खचाखच भर चुकी थी। खेड़ी निवासी गंगाराम की 15 वर्षीय बेटी मधु प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए रेवाड़ी जाने के लिए बस में चढ़ रही थी। उसने अभी एक ही पैर बस में रखा था कि चालक अशोक कुमार (57) ने अचानक बस आगे बढ़ा दी। संतुलन बिगड़ने से मधु नीचे गिर गई और बस का भारी टायर उसके दोनों पैरों को कुचलता हुआ निकल गया।

बाजरे के खेत में छिपा ड्राइवर, ग्रामीणों ने घेरा

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आरोपी ड्राइवर अशोक बस को मौके पर ही छोड़कर पास के बाजरे के खेत में भाग गया। बस में सवार यात्रियों और ग्रामीणों ने पीछा कर ड्राइवर को खेत में ही घेर लिया।आक्रोशित ग्रामीणों ने हाथ जोड़कर माफी मांग रहे ड्राइवर को खेत से खींचकर बाहर निकाला और पीटते हुए मुख्य सड़क पर ले आए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया।

कोसली पुलिस ने 1 घंटे में खुलवाया जाम, रोहतक PGI रेफर हुई छात्रा

हादसे की सूचना मिलते ही कोसली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस अधिकारियों ने करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और यातायात सुचारू करवाया। गंभीर रूप से घायल मधु को परिजन तुरंत रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुँचे, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रोहतक PGI (PGIMS Rohtak) रेफर कर दिया है। जहां पर शाम को उसकी मौत हो गई है।

 

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now

          संबंधित समाचार