धारूहेड़ा: राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में वाणिज्य विभाग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा Lord Krishna Educational Foundation के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए “Financial Literacy and Cyber Fraud Awareness” विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में एरिया मैनेजर बलवंत सिंह ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, बचत, निवेश, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन बैंकिंग एवं डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने तथा साइबर अपराध से सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया।

उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से OTP, PIN, CVV, बैंकिंग पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा अनजान फोन कॉल एवं संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही, साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत संबंधित बैंक एवं साइबर अपराध विभाग को सूचना देने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती दयावती ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं डिजिटल रूप से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. रामनिवास, प्लेसमेंट इंचार्ज एकता, दीपक, डॉ. प्रदीप एवं डॉ. सरिता सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका श्री बलवंत सिंह द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया।
महाविद्यालय प्रशासन ने Lord Krishna Educational Foundation तथा एरिया मैनेजर श्री बलवंत सिंह का विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं जागरूकता के लिए सहयोग देने हेतु आभार व्यक्त किया।














