Big accident Rewari: नारनौल रोड पर रेवाड़ी जिले में घामलावास के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर दिया। रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में पति-पत्नी और उनके 13 वर्षीय बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शव वाहन में बुरी तरह फंस गए।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार रेवाड़ी के बोडिया कमालपुर निवासी ब्रिमोहन, पत्नी अनिता व 13 साल का बेटे के साथ गुरुग्राम से सीकर गया था, जहां उनके 13 वर्षीय बेटे का एडमिशन करवाया गया था। वापसी के दौरान NH-11 पर रेवाड़ी के धामलावास आईटीआई के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतक निजी कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सरकारी टीचर बताई जा रही हैं।
हादसे में दंपति का इकलौता बेटा भी जान गंवा बैठा, जिससे पूरा परिवार खत्म हो गया।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर व हाइड्रा मशीन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।


















