Breaking news: हरियाणा में भारतीय रेलवे ने स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल पूरा कर लिया है। सोनीपत के मोहाना से जींद तक किए गए इस ट्रायल को ऐतिहासिक माना जा रहा है। यह ट्रेन पूरी तरह Zero Emission तकनीक पर आधारित है, जिससे पर्यावरण को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।
इस उपलब्धि के साथ हरियाणा देश में हरित परिवहन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।इस हाइड्रोजन ट्रेन की खास बात यह है कि इसमें डीजल या बिजली की जगह हाइड्रोजन फ्यूल का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे केवल पानी और भाप का उत्सर्जन होता है।
यह तकनीक पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारतीय रेलवे का लक्ष्य भविष्य में इस तरह की ट्रेनों का विस्तार करना है, जिससे प्रदूषण में कमी लाई जा सके और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल सके।
140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार, 8 होंगे कोच
ट्रेन की प्रमुख विशेषताओं में जींद-सोनीपत रूट, 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार, 8 कोच और लगभग 2638 यात्रियों की क्षमता शामिल है। इस सफल ट्रायल के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में हाइड्रोजन ट्रेनें देश के अन्य हिस्सों में भी चलाई जाएंगी, जिससे परिवहन व्यवस्था और अधिक पर्यावरण अनुकूल बन सके।

















