NH 48: धारूहेड़ा: दिल्ली जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा के निखरी गांव के पास सोमवार सुबह सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। निखरी गांव के पास चार वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसके बाद दो वाहनों में आग लग गई। आग लगने से एक कैंटर पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि डम्पर के आगे का हिस्सा भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और थाना धारूहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई।NH 48
निखरी गांव के पास सोमवार सुबह हुआ हादसा
फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी, बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारू करवा दिया।
कैंटर और डम्पर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर नष्ट
कैंटर चालक अजय कुमार निवासी गढ़मुक्तेश्वर जिला हापुड़ ने बताया कि उसके आगे एक कार चल रही थी और उसके बराबर में एक ट्राला चल रहा था। इसी दौरान कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्राला कार से टकरा गया। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डम्पर ने कैंटर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर आगे चल रहे ट्राले से जा टकराया और कुछ ही क्षण में कैंटर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कैंटर में लगी आग के कारण डम्पर में भी आग लग गई।
चालक ने बताया कि उसने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए कैंटर से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई। कैंटर में लॉजिस्टिक का सामान भरा हुआ था, जो आग की वजह से पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हादसे में कैंटर पूरी तरह जल गया, जबकि डम्पर के आगे का हिस्सा भी आग से क्षतिग्रस्त हो गया।
लाखों रुपये का सामान जलकर राख
चालक के अनुसार कैंटर में लाखों रुपये का सामान भरा हुआ था जो पूरी तरह जल गया। थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और आग पर काबू पा लिया गया। हादसे के चलते कुछ देर तक हाइवे पर जाम लगा रहा। हालांकि पुलिस ने जल्दी\\\ही वाहनो को हटवाते हएु मार्ग को चालू करवा दिया।

















