दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर सोमवार को भी यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की रद्दीकरण की समस्या अभी भी जारी है, जिससे यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो रही है।
इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines)ने कुल 134 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं। इनमें से 75 फ्लाइट्स प्रस्थान करने वाली और 59 फ्लाइट्स आगमन करने वाली हैं। इस वजह से कई यात्रियों को अपना सफर स्थगित करना पड़ा या उन्हें अन्य विकल्पों की तलाश करनी पड़ी।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक करें ताकि वे अनावश्यक परेशानियों से बच सकें। खासकर इंडिगो की फ्लाइट्स में अभी भी देरी और कैंसिलेशन की संभावना बनी हुई है।
इंडिगो एयरलाइंस ने बताया है कि उनकी टीमें सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि यात्रियों को हो रही परेशानियों को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट पर मेडिकल सहायता और अन्य जरूरी मदद के लिए सूचना डेस्क उपलब्ध हैं, जहां यात्री संपर्क कर सकते हैं।
यात्रियों के लिए आने-जाने के साधन भी सुनिश्चित किए गए हैं। मेट्रो, बस और कैब जैसी सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं ताकि एयरपोर्ट तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
हालांकि, फ्लाइट्स की लगातार रद्दीकरण की वजह से यात्रियों को अपना यात्रा कार्यक्रम बार-बार बदलना पड़ रहा है और उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वे जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर यात्रियों की परेशानी को कम करेंगे।
















