Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं के बीच वायु गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है। मौसम विभाग (IMD) की जानकारी के अनुसार, आने वाले सात दिन न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सुबह-शाम की ठंडी हवाएं ठंड का एहसास बढ़ा रही हैं, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम में कोहरा और धुंध का मिश्रण बना रहेगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट बताती है कि दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच चुका है। अलिपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 355, आनंद विहार में 359, अशोक विहार में 363, बवाना में 403, बुराड़ी में 376 और करणी सिंह शूटिंग रेंज में 342 रिकॉर्ड किया गया है।
एनसीआर के अन्य इलाकों की बात करें तो गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 271, लोनी में 336, संजय नगर में 269 और वसुंधरा में 368 AQI दर्ज हुआ। नोएडा के सेक्टर-125 में 328, सेक्टर-62 में 323, सेक्टर-1 में 326 और सेक्टर-116 में 333 तक हवा की गुणवत्ता गिर गई है।
इतने उच्च स्तर का प्रदूषण लंबे समय तक सांस लेने पर सांस और फेफड़ों की बीमारियों का गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान गिरने और हवा की गति धीमी होने की वजह से प्रदूषण के कण जमीन पर जम रहे हैं। कोहरा और स्मॉग मिलकर धुंध को और भी घना बना रहे हैं। निर्माण कार्य, वाहनों से निकलने वाला धुआं और धूल प्रदूषण के मुख्य कारण हैं।
इस समय लोगों को बाहर जाने से बचना चाहिए और अगर बाहर जाना जरूरी हो तो मास्क पहनना जरूरी है। प्रदूषण से बचाव के लिए स्वच्छता और गाड़ियों के उत्सर्जन पर नियंत्रण भी बेहद आवश्यक है ताकि हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
















