Admission : इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में दूसरे चरण के दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी बीएससी (ऑनर्स/ऑनर्स विद रिसर्च) गणित, रसायन विज्ञान (एसएफएस के अंतर्गत), बीएचएमसीटी, एमए (अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, योग, अर्थशास्त्र), एमसीए, एमकॉम (2 वर्षीय), एमएससी (गणित कंप्यूटर साइंस, भौतिकी, पर्यावरण विज्ञान, मनोविज्ञान) जैसे कोर्सों में प्रवेश के लिए 28 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेजों की हार्ड कॉपी संबंधित विभाग में 29 जुलाई 2025 को सुबह 11:30 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करवानी होगी। इस तिथि व समय से पूर्व उपस्थित होने वाले ही अभ्यर्थी मेरिट सूची में शामिल किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इसी दिन दोपहर 1:00 बजे मेरिट सूची जारी की जाएगी और उसी आधार पर संबंधित विभाग में सीटों का आवंटन किया जाएगा।
दाखिले के समय श्रेणीवार प्राथमिकता का पालन किया जाएगा। सबसे पहले संबंधित आरक्षित श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। यदि उस श्रेणी के उपयुक्त उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो बची हुई सीटें हरियाणा ओपन सामान्य श्रेणी में समायोजित की जाएंगी। इसके बाद भी यदि सीटें खाली रहती हैं तो उन्हें ऑल इंडिया ओपन श्रेणी में परिवर्तित कर दिया जाएगा और उसी के अनुसार दाखिले किए जाएंगे।

















