शुक्रवार को हरियाणा के CM Saini ने एक साथ दो निशाने साधे। एक ओर उन्होंने पूर्व विधायक असीम गोयल का कद बढ़ाया, वहीं दूसरी ओर यह भी कहा कि भले ही असीम विधायक नहीं बने, लेकिन उनका प्रभाव ‘विधायक’ से अधिक है। उनका यह इशारा सीधे तौर पर ‘चौधरी’ की ओर था, जो इस समय कुरुक्षेत्र में नगर निकाय चुनाव (हरियाणा निकाय चुनाव 2025) में कांग्रेस की कमान संभाल रहे हैं।
असीम गोयल का कद बढ़ाया
सैनी ने मंच से कहा, “मैं जनता को आश्वस्त करता हूं कि यह न समझें कि असीम गोयल विधायक नहीं बने, उनका प्रभाव विधायक से अधिक है और आगे भी रहेगा।” यानी जन आशीर्वाद रैली के दौरान अंबाला शहर में एक ओर उन्होंने नगर निगम मेयर उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार शैलजा सचदेवा के लिए वोट मांगे, तो दूसरी ओर असीम गोयल का कद भी बढ़ाया।
विज ने संभाला मोर्चा
इस बार भी बीजेपी के स्टार प्रचारक के रूप में अनिल विज ने कमान संभाल ली है। लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनावों तक यह साफ देखा गया है। अगर निकाय चुनावों में बीजेपी के बड़े नेताओं की बात करें, तो बराड़ा नगर पालिका चुनावों में बीजेपी के दिग्गज नेता प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं।
गोयल को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
असीम गोयल भले ही अंबाला शहर विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाए, लेकिन बीजेपी सरकार में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं जोरों पर हैं। कांग्रेस के चौधरी निर्मल सिंह इस बार विधायक चुने गए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के मंच से असीम गोयल के पक्ष में दिया गया बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
माना जा रहा है कि सरकार असीम गोयल को कोई बड़ा पद या अहम जिम्मेदारी सौंप सकती है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह जिम्मेदारी किस स्तर की होगी। मुख्यमंत्री के बयान से यह संकेत जरूर मिल गया है कि भले ही असीम विधायक नहीं बने, लेकिन उनकी सक्रियता किसी विधायक से कम नहीं है।
अनिल विज ने झोंकी पूरी ताकत
बीजेपी ने अंबाला सदर नगर परिषद के 32 वार्डों और अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी उतारे हैं। यहां प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। उन्होंने सभी 32 वार्डों में प्रचार किया और बीजेपी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।
साथ ही उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी उम्मीदवार स्वर्ण कौर को जिताने की अपील की। अनिल विज लगातार जनसभाएं कर रहे हैं और बीजेपी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जनता से समर्थन मांग रहे हैं। बता दें कि अनिल विज को अंबाला नगर निगम और अंबाला सदर नगर परिषद चुनावों का समन्वयक भी नियुक्त किया गया है।

















