Haryana: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देशानुसार महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचन्द जी की जयंती (29 अगस्त 2025) के उपलक्ष्य में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ इस उद्देश्य के साथ संपूर्ण समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने हेतु राष्ट्रीय खेल दिवस का तीन दिवसीय आयोजन दिनांक 29 से 31 अगस्त 2025 तक योग एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 29 अगस्त को प्रातः 7:30 बजे विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्पोर्ट्स निदेशक डॉ. अशोक ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलसचिव को पौधा भेंटकर स्वागत किया एवं योग विभाग की अध्यक्ष डॉ. श्रुति की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचन्द जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुई।

प्रथम दिवस (29 अगस्त) को ‘रस्साकसी’, ‘100 मीटर दौड़’, व ‘प्लैंक अभ्यास’ जैसी खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इन सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल के प्रति अपनी ऊर्जा तथा प्रतिबद्धता दर्शाई।
द्वितीय दिवस (30 अगस्त) को योगाभ्यास के अंतर्गत सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास योग विभाग के सहायक प्राध्यापकों द्वारा डॉ. श्रुति के नेतृत्व में संपन्न कराया गया।
इस भव्य आयोजन में प्रो. पंकज त्यागी, डॉ. संगीता, श्री देवेंद्र ढाका, डॉ. जयपाल सिंह राजपूत, डॉ. अमनदीप, डॉ. धर्मबीर यादव, श्री प्रवीण कुमार, श्री अमित कुमार सहित विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक एवं छात्र उपस्थित रहे।
डॉ. जयपाल सिंह राजपूत ने सभी खिलाड़ियों को ‘खेल भावना’ से खेलने की शपथ दिलाई एवं खेल के प्रति जागरूक किया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद विश्वविद्यालय स्वास्थ्य के लिए निरंतर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय हमेशा ऐसे कार्य व सुविधाएँ देने के लिए तत्पर रहता है, जिससे विद्यार्थियों का सम्पूर्ण व्यक्तित्व निर्माण हो सके एवं वे देश के आदर्श नागरिक बन सकें।

समारोह में डॉ. श्रुति के द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मंच का संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. अमनदीप द्वारा किया गया। श्री अमित एवं श्री देवेंद्र ढाका ने ‘रस्साकसी’ एवं ‘दौड़’ प्रतियोगिता का संचालन किया। प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को टी-शर्ट पुरस्कार स्वरूप भेंट किए गए।
कार्यक्रम के पश्चात सभी प्रतिभागियों व उपस्थितजन को फलाहार एवं जूस वितरित किया गया।
इस तीन दिवसीय ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ समारोह ने मेजर ध्यानचन्द जी की प्रेरणा व स्वास्थ्य जागरूकता के भाव को पूरे विश्वविद्यालय परिसर एवं समाज में सफलतापूर्वक प्रसारित किया।

















