Rewari News: गांव बुढाना में भगवानपुर गांव में 200 बैड के सरकारी अस्पताल की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जनसभा व कैंडल मार्च का आयोजन किया। यह आयोजन ‘अस्पताल बनाओ संघर्ष समिति रामगढ़ भगवानपुर’ के समर्थन में किया गया, जिसके तहत आस-पास के गांवों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जनसभा का आयोजन गांव के सचिवालय परिसर में हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने बाबा भैंया चौक तक कैंडल मार्च निकाला। कार्यक्रम की शुरुआत गांव के वरिष्ठ नागरिक चौधरी उमेद सिंह व चौधरी धर्मपाल द्वारा कैंडल प्रज्वलित कर की गई।Rewari News
सभा को संबोधित करते हुए सरपंच राजकुमार, मास्टर प्रेम प्रकाश, संघर्ष समिति के संयोजक अनिल कुमार (सरपंच प्रतिनिधि) और एडवोकेट रमेश चंद्र ने सरकार से मांग की कि भगवानपुर में प्रस्तावित अस्पताल के निर्माण में और देरी न की जाए।

वक्ताओं ने कहा कि यह मामला पहले से सरकार के पास लंबित है और इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्वयं हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुद्दा राजनीतिक वायदों तक सीमित रह गया है, जबकि ग्रामीणों की जरूरतें लगातार बढ़ रही हैं।Rewari News
कार्यक्रम में संघर्ष समिति की ओर से सर्व रोशनलाल, वीरेंद्र सिंह, खजान सिंह, सतीश सरपंच बुढानी, तेज सिंह, अरविंद यादव, मनोज अन्ना, देवेंद्र सिंह, नवल सिंह, चौधरी कृष्णलाल, लाल सिंह, आजाद सिंह सहित दर्जनों प्रमुख ग्रामीणों के साथ महिलाओं की भी भारी भागीदारी रही। शामिल महिलाओं में भतेरी, बबीता, सुमन, संतोष, ललिता, मंजू, बिमला, रामभतेरी, बिमला देवी आदि उपस्थित रहीं। सैकड़ों ग्रामीणों की भागीदारी ने यह संकेत दिया कि यह मांग केवल एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक आवाज बन चुकी है।

















