Rewari News: रेवाड़ी जिला बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव के लिए आपत्तियों के बाद मतदाता सूची फाइनल कर दी गई है। इस फाइनल मतदाता सूची के अनुसार अब 2183 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग आगामी 11 सितंबर को होने वाले चुनाव में कर सकेंगे। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की ओर से 2215 मतदाताओं में कुछ त्रुटियां को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थी।
जिन आपत्तियों की सुनवाई के बाद अब 2183 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग जिला बार के चुनाव में करेंगे। मतदाता सूची के लिए आपत्तियां दर्ज की सुनवाई करने वाले वाले निर्वाचन अधिकारी सतीश डागर, अश्विनी कुमार तिवारी, चौधरी चरण सिंह, शमशेर सिंह यादव, रमेश यादव ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की ओर से 115 अधिवक्ताओं के नाम, ऑल इंडिया बार काउंसिल के टेस्ट की पास योग्यता, रिकॉर्ड में नाम एवं एनरोलमेंट नंबर का मेल ना खाना तथा कई बार एसोसिएशन में नाम दर्ज होने के बारे में आपत्तियां लगाई गई थी।
जिन पर सुनवाई की गई और संबंधित अधिवक्ताओं को लिखित में अपनी आपत्तियां दर्ज करने तथा सबूत के साथ दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया था। जिला बार के निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि सब आपत्तियां सुनने के बाद 2183 मतदाताओं को अंतिम सूची में शामिल किया गया है। यह सूची बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा को प्रेषित की गई है। सोमवार को इसको अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया जाएगा।
एक सितंबर तथा 2 सितंबर को नामांकन लिए जाएंगे तथा 2 सितंबर को ही छंटनी के बाद 3 सितंबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। नामांकन जिला बार रूम में समय सुबह 10 से 3 बजे तक दिए जा सकेंगे।
इस बार चुनाव छह पदों के लिए कराए जा रहे हैं जिसमें प्रधान पद, उप प्रधान पद सामान्य एवं उप प्रधान पद महिला आरक्षित, सचिव, सह सचिव तथा कोषाध्यक्ष शामिल है।
उप प्रधान पद महिला एवं सहसचिव महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित रखा गया है। 6 प्रत्याशियों का चुनाव करने के लिए एक बूथ पर 6 ईवीएम मशीन रखी जाएगी। मतदान प्रक्रिया 11 सितंबर को सुबह 8 से 4 बजे तक चलेगी शाम 4 बजे तक चुनाव समाप्त होते ही परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव पर प्रचार में झोंकी ताकत।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के नजदीक आते ही प्रत्याशियों ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। घर घर जाकर प्रत्याशी वोट की अपील कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर वोट अपने पक्ष में देने के लिए अधिवक्ताओं से अपील की जा रही है। मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने को लेकर भी प्रत्याशियों में सक्रियता हो गई है और ग्रुप में नामांकन करने के लिए अधिवक्ताओं से संपर्क किया जा रहे हैं। अधिवक्ताओं से संपर्क करने के लिए प्रत्याशी उनके रिश्तेदारों से भी फोन करवा कर अपने पक्ष में मतदान करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।














